May 17, 2024

CNI News

– ताजा हिंदी समाचार –

नारी सुरक्षा ही नारी सम्मान : जिलाधिकारी

मिशन शक्ति रैली को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 

शाहजहांपुर। मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में नारी सशक्तिकरण , नारी सुरक्षा और नारी स्वावलंबन तथा बच्चों व  किशोरियों में मानसिक स्वास्थ्य तथा  मनोसामाजिक परामर्श के विषय पर जन समुदाय को जागरूक करने के लिए सोमवार को जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिलाधिकारी  इंद्र विक्रम सिंह और मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिलाधिकारी कार्यालय से निकलकर कचहरी गेट से होते हुए पक्कापुल से बेटी बचाओ  बेटी पढ़ाओ  पार्क में जाकर संपन्न हुई। रैली में महिला कल्याण विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ,  मदरसानुरुल हुदा, लीड कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं – शिक्षकों  तथा नगर निगम के सफाई कर्मर्चारियों सहित  नारी शक्ति परिवार ने शक्तिपरी के साथ  भाग लिया। रैली में कार्यक्रम से सम्बन्धित बैनर, पोस्टर और स्लोगन लिखे हुए चार्ट लेकर महिलाओं और बेटियों ने लोगों को जागरूक किया। इंद्र विक्रम सिंह जिलाधिकारी  ने कहा कि कार्यक्रम के अहम बिंदु बच्चों और किशोरियों मं  मानसिक स्वास्थ्य तथा  मनोसामाजिक परामर्श को ध्यान में रखते हुए लोगों को यह बताना बहुत जरुरी है कि बच्चों का भावनात्मक शोषण कैसे होता है। एक बच्चे के जीवन में उसके माता-पिता, देखभालकर्ता या अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों के व्यवहार, शोषण और कृत्य जो बच्चे पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं या फिर बच्चे के भावनात्मक स्वास्थ्य पर और विकास को गंभीर रूप से नुकसान  पहुंचाते हैं। जैसे-  बच्चे का गलत तरीके से नाम पुकारना, अपमानित या प्रताड़ित करना , जाति, लिंग क्षमताओं / प्रतिभाओं की कमी के आधार पर भेद भाव करना , हिंसात्मक धमकी देना आदि। ऐसे कार्यों को करने से रोकने के लिए लोगों को प्रेरित करना भी इस कार्यक्रम का एक मुख्य भाग है। प्रेरणा शर्मा मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि जन समुदाय को इस कार्यक्रम के विषय में जागरूक करें। लोगों को यह बताना जरूरी है  कि नारी सुरक्षा ही नारी सम्मान है। महिलाओं को अपने अधिकारों  और कर्तव्यों को जानना ही सबसे बड़ा नारी सशक्तिकरण हैं। बेटी बचाओं , बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम के अंतर्गत बेटियों को इस संसार में आने से न रोकें अर्थात कन्या भ्रूण हत्या न करें। बेटियां किसी भी तरह बेटों से कम नहीं हैं। बेटियों  को भी बेटों के समान अधिकार देने के लिए प्रेरित करें। इस  अवसर पर वरुण सिंह जिला प्रोबेशन अधिकारी, रेखा शर्मा महिला कल्याण अधिकारी, कीर्ति मिश्रा, पूनम गांववार, प्रतिभा मिश्रा, काजल, युगुल किशोर सांगुडी जिला कार्य्रक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग प्रधानाचार्य फूलमियां और सराहना जमाल सहित तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।