May 17, 2024

CNI News

– ताजा हिंदी समाचार –

सहसवान / बदायूँ समाचार ….

ई रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल

  • सोमवार देर शाम सहसवान इस्लामनगर मार्ग पर सरसोता के पास हुआ हादसा 

सहसवान। बहनोई के घर से दावत खाकर लौट रहे बाइक सवार ई-रिक्शा से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने ई रिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पीएम को भेज दिया।
हादसा सोमवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे सहसवान इस्लामनगर मार्ग पर सरसोता के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव फाजलपुर कुकरईया निवासी संजीव गांव के ही नवाब सिंह के साथ गांव आरिफपुर भगता नगला अपने बहनोई अंगद के घर दावत खाने गया था। शाम को यह लोग बाइक से अपने घर वापस आ रहा थे। सामने से आ रहे ई-रिक्शा से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां से संजीव की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने  मृतक के भाई बेचेलाल की तहरीर पर ई रिक्शा चालक विजय निवासी अकबराबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पीएम को भेज दिया। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि ई रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

बदायूं का छात्र अयाज यूक्रेन से सकुशल घर पहुंच गया

  • सामाजिक कार्यकर्ता और समाजवादी नेता हाफिज इरफान ने सरकार की नीति की आलोचना करते हुए अयाज़ का स्वागत किया।

बदायूं। सहसवान भारी लड़ाई के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वापसी जारी है। इनमें से एक बदायूं के नाहर खान सराय निवासी अयाज अंसारी यूक्रेन से सुरक्षित बदायूं स्थित अपने घर पहुंच गया। अयाज अंसारी यूक्रेन से रोमानियाई सीमा पर पहुंचे और वहां से भारत सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों के तहत नई दिल्ली पहुंचे। जब वह घर पहुंचे तो परिजनों ने राहत की सांस ली और ईश्वर का भावनात्मक शुक्र अदा किया। कुछ दिन पहले अयाज अंसारी की मां रहनुमा बेगम ने सामाजिक कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी के नेता हाफिज इरफान और डॉ शकील अहमद के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर मुलाकात कर मदद की अपील की थी।
इससे पहले बदायूं से लौटने पर छात्र अयाज अंसारी का स्वागत हाफिज इरफान ने सहसवान में स्थित अपने आवास पर किया। उन्होंने अयाज अंसारी से यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की दुर्दशा और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। हाफिज इरफान ने कहा कि वहां हजारों भारतीय छात्र बड़ी मुसीबत में हैं। आज भी एक छात्र की मौत की खबर आई। बड़े-बड़े दावे करने वाली मोदी सरकार ने इस मामले में लापरवाही दिखाई है। इसलिए वहां भारतीय छात्र चिंतित हैं। सरकार ने बड़े पैमाने पर और जल्द से जल्द भारतीय छात्रों की वापसी की व्यवस्था नहीं की। उन्होंने कहा, ‘एक तरफ हम विश्व गुरु बनने की बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ हम इस तरह के संकट से निपटने में सक्षम नहीं हैं. हाफिज इरफान ने कहा कि यूक्रेन में अब भी फंसे छात्रों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।

हर हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय 

सहसवान। महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया और पूजा अर्चना कर पुण्य लाभ कमाया। दूर दराज से पहुंचे सैकड़ों शिव भक्तों ने सरसोता सरोवर में नहा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और मन्नतें मांगी। तहसीलदार शिवकुमार शर्मा ने पंपसेट से कुंड में जल भरवाया और  बिजली की व्यवस्था सुचारू रूप रखे जाने के विद्युत विभाग को निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारी लगाए गए। होली से पहले एकादशी का मेला सरसोते पर लगेगा। जिसके लिए मेला स्थल की जगह पर मधुमक्खी पालन वाले ठेकेदार को तहसीलदार ने तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। सरोवर में पानी, बिजली व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंधित को निर्देश दिए। मेले के दृष्टिगत अभी अस्थाई रूप से पानी की व्यवस्था कर दी गई है। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सरसोता सरोवर का सबमर्सिबल ठीक करा दिया जाएगा। मेला कमेटी के विनोद कुमार, स्वराज सिंह, मुकेश कुमार, प्रदीप शर्मा, अशोक यादव आदि कमेटी के लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट-मुकीम अहमद