May 17, 2024

CNI News

– ताजा हिंदी समाचार –

बदायूँ / पीलीभीत बुलेटिन…

डीएम ने निर्माणाधीन विद्यालयों का किया निरीक्षण

बदायूँ। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवेश कुमार के साथ निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज घटपुरी एवं बुर्रा अहिरवारा बोंद्री का निरीक्षण किया।  
राजकीय इंटर कॉलेज घटपुरी के निर्माण के लिए सन् 2019 में 277.24 लाख रुपए की लागत शासन द्वारा स्वीकृत की जा चुकी है और जिसके सापेक्ष 235.27 लाख रुपए की धनराशि कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम को प्राप्त भी हो चुकी है। लेकिन कार्य बहुत धीमा चल रहा है, निर्माण कार्य धीमा होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की है। कमरों में प्लास्टर का कार्य अपूर्ण है तथा टाइल्स भी नहीं लगे हैं। कार्य को विलंब होते देख डीएम ने इसे जल्द पूर्ण करवाने के निर्देश दिए हैं। बाउंड्री वाल और पहुंच मार्ग का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है, जिसके लिए डीएम ने शासन को स्टीमेट बनाकर भेजे जाने के निर्देश दिए हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज बुर्रा अहिरवारा में 456.96 लाख रुपए की लागत स्वीकृत हो चुकी है और पूरी धनराशि कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को पूरी धनराशि प्राप्त हो चुकी है यहां लगभग निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन छुटपुट कमियां अभी बाकी हैं और फिनिशिंग कार्य चल रहा है। डीएम ने इन कमियों को एक माह में पूर्ण कर हस्तांतरित करने के निर्देश दिए है। यहां कमरों में सीलन देख डीएम ने नाराजगी व्यक्त की है उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कमेटी बनाकर सीलन की जांच की जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं मानक के अनुसार ही पूर्ण किए जाएं इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि क्षम्य नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं निर्माण कार्यों का नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें।

त्रिदिवसीय अगस्त क्रांति प्रदर्शन दिवस पर भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान के दूसरे दिन राज्य-केन्द्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर कांग्रेसी सैलाव 

बदायूँ।  बिसौली, बिल्सी और सहसवान तहसील मुख्यालय पर त्रिवसीय अगस्त क्रांति के दूसरे दिन  “भाजपा गद्दी छोड़ो” अभियान के अंतर्गत मार्च निकालकर महगाई ,बेरोजगारी, महिलाअत्याचार,अपराध, भ्रष्टाचार, किसान बिल और सरकार द्वारा झूठे प्रचार के विरोध में कांग्रेसी जन सैलाव द्वारा सड़कों पर रैली निकाल जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया। दौरान प्रदर्शन कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि दारू सस्ती महंगा तेल, यह देखो मोदी का खेल। निकलो घरों मकानों से, जंग लड़ो बेईमानो से।अपने संबोधन में प्रदेश सचिव अजय सारस्वत सोनी ने कहा कि  भाजपा सरकार हम दो हमारे दो के लिए काम कर रही है। इसे आम आदमी किसान मजदूर नोजबान इनसे कोई सरोकार नही है। आज किसान 9 माह से दिल्ली बॉर्डर पर किसान बिल के विरोध में अनशन कर रहा है। तकरीबन 500 किसान बिल का विरोध करते हुए शहीद भी हो गये है। 172 हजार शिक्षा मित्रों को पिछले चार साल से धोखे की घुट्टी पिलाई जा रही है। सियासी दुश्मनी का शिकार बनाए गए 172 हजार शिक्षा मित्रों से सहायक अध्यापक बनाने के बाद जबरन फिर शिक्षा मित्र बनाए गए नौजवानों में लगभग 5 हजार काल कवलित हो चुके हैं मगर पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बन चुकी भाजपा सरकार और इसके प्रतिनिधियों ने कोई समाधान देना तो दूर सांत्वना के दो शब्द बोलना भी जरूरी नहीं समझा है। शिक्षा मित्रों को नकारा और अंन्नदाता को मबाली आतंकवादी जैसे संबोधन देने में इस सरकार को कोई शर्म महसूस नहीं होती है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि आज महगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। आम आदमी को अपना घर चलाना एक बहुत बड़ी परेशानी बन गई है। बेरोजगार और किसान आर्थिक तंगी की बजह से आत्महत्या कर रहे है। लेकिन यह सरकार लोगो के लिए काम करने की जगह जुमले बाजी में मग्न है। इसे जनता से कोई सरोकार नही है। जिलामहसचिव फहीम अहमद नोसे खान ने कहा कि यह गूंगी बहरी सरकार सिर्फ चंद पूंजीपतियों को खुश करने के लिए किसान बिल लाई है। यह सरकार गरीब के मुह से रोटी छीनना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपनी आखरी सांस तक किसान के हित के लिए लड़ती रहेगी। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शफ़ी अहमद ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अन्याय का विरोध किया है। आज देश की संपत्तियो को बेचा जा रहा है। हर जगह निजीकरण किया जा रहा है। जिससे देश मे बेरोजगारों की बाढ़ आ गई है। महगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है।पेट्रोल डीजल से लेकर रसोई गैस खाध पदार्थ सभी के रेट आसमान छू रहे है, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है। 

प्रदेशवासियों की इम्युनिटी बढ़ाने को दूसरी डोज़ वालों पर सरकार का फोकस

पीलीभीत। कोरोना की दूसरी डोज़ लगवाने के लिए उत्साहित लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। शनिवार का दिन सिर्फ दूसरी डोज़ वालों के लिए ही निर्धारित कर दिया गया है। ए सी एम ओ डा. राम वीर सिंह ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन की दो डोज़ लगना जरूरी है। तभी प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। इसलिए हमारा फोकस है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्द से जल्द दूसरी खुराक लग जाए। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर फैसला किया गया है कि शनिवार को सिर्फ दूसरी डोज़ के चाहतमंदों को मौका दिया जाएगा। सुबह 9 से 11 बजे तक उन लोगों को दूसरी डोज़ लगेगी जो स्लाट बुक करवा कर आएंगे। 11 बजे के बाद वैक्सीनेशन केन्द्रों पर सीधे आने वालों को दूसरी खुराक दी जाएगी। उन्होने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक पहले की तरह लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इन दिनों में भी दूसरी डोज़ वाले अपना टीकाकरण करवा सकते हैं लेकिन शनिवार को सिर्फ उनका ही टीकाकरण होगा।